हरियाणा के शिक्षा मंत्री ने मानीं अग्रवाल समाज की मांगें पाठ्यक्रम में शामिल होगी महाराजा अग्रसेन की जीवनी, नौनिहाल पढ़ेंगे समाजवाद का पाठ

||PAYAM E RAJASTHAN NEWS|| 08-JULY-2021 || अजमेर || हरियाणा के स्कूलों के पाठ्यक्रम में महाराजा अग्रसेन जी की जीवनी शामिल करने सहित अन्य निर्णयों पर अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन जिला शाखा अजमेर के पदाधिकारियों ने प्रसन्नता व्यक्त की है। अग्रवाल समाज की सबसे प्रभावी और अग्रणी संस्था अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन हरियाणा सरकार से बड़ी मांगें मनवाने में कामयाब हुई है। इसके चलते हरियाणा सरकार प्राथमिक स्कूलों के पाठ्यक्रम में महाराजा अग्रसेन की जीवनी शामिल करने जा रही है। इसके साथ ही हरियाणा के शिक्षा मंत्री ने कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में महाराजा अग्रसेन के नाम पर पीठ स्थापित करने का आश्वासन भी दिया है। वहीं अग्रवाल सम्मेलन की मांग पर अग्रोहा में महिला कॉलेज का निर्माण शुरू हो चुका है। संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष गोपाल शरण गर्ग ने इन मांगों को सिरे चढ़ाने में विशेष योगदान के लिए हरियाणा विधान सभा अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता के प्रयासों की सराहना की है। अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री गोपाल शरण गर्ग के नेतृत्व में एक विशेष प्रतिनिधिमंडल ने विधान सभा अध्यक्ष श्री ज्ञान चंद गुप्ता और शिक्षा मंत्री श्री कंवरपाल से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने इस दौरान शिक्षा मंत्री के सम्मुख सम्मेलन की तीन प्रमुख मांगें रखीं। उन्होंने कहा कि महाराजा अग्रसेन मानवता के प्रवर्तक, अहिंसा के पुजारी, गणतन्त्र के संस्थापक, गरीबों के मसीहा, राष्ट्रवाद के प्रबल समर्थक रहे हैं। उन्होंने ‘एक ईंट-एक मुद्रा’ की परंपरा शुरू करके समाज को नई दिशा दी। प्रतिनिधिमंडल द्वारा शिक्षा मंत्री के संज्ञान में लाया गया कि वर्ष 2014 तक हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की ओर से पांचवीं कक्षा के पाठ्यक्रम में उनकी जीवनी शामिल की गई थी। बाद में किन्हीं कारणों से यह जीवनी पाठ्यक्रम से हटा दी गई। श्री गोपाल शरण गर्ग ने कहा कि राष्ट्रवाद के इतने बड़े मसीहा के जीवन के बारे में आधुनिक पीढ़ियों को जानकारी होना आवश्यक है। इसलिए उनकी जीवनी पाठ्यक्रम का हिस्सा होनी चाहिए। शिक्षा मंत्री ने उनकी मांग स्वीकार करते हुए कहा जल्द ही यह जीवनी प्रदेश में प्राथमिक पाठशालाओं के पाठ्यक्रम का हिस्सा होगी। इसके साथ ही प्रतिनिधिमंडल ने कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में महाराजा अग्रसेन के नाम पर पीठ स्थापित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि महाराजा अग्रसेन का कुरुक्षेत्र के इतिहास से गहरा नाता रहा है। उन्होंने पांडव पक्ष की ओर से महाभारत युद्ध में भाग लिया। युद्ध के नौंवे दिन उनके पिता वीरगति को प्राप्त हो गए। अग्रसेन ने सभी मर्यादाओं का पालन करते हुए 18 दिन तक युद्ध में भाग लिया और युद्ध समाप्ति पर भगवान श्रीकृष्ण के आशीर्वाद से नययुग में धर्म की स्थापना की और अग्रोहा नगर बसाया। इसी दौरान उन्होंने ‘एक ईंट-एक मुद्रा’ का अभिनव प्रयोग करते हुए सच्चे समाजवाद की स्थापना की। गीता का उपदेश सुनकर ही उन्होंने 18 प्रेरणादायक सिद्धांतों को मूर्त रूप दिया। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि पंजाब सरकार ने पटियाला स्थित पंजाबी यूनिवर्सिटी में भी महाराजा अग्रसेन जी के नाम की पीठ स्थापित की है। इसके लिए 7 करोड़ का बजट भी तय किया गया है। उन्होंने हरियाणा सरकार से आग्रह किया कि कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में उनके नाम पर पीठ स्थापित की जानी चाहिए। इस पर शिक्षा मंत्री श्री कंवर पाल ने आश्वासन दिया कि वे इस दिशा में सकारात्मक भावना से विचार करेंगे तथा उनकी मांग सरकार के संज्ञान में लाई जाएगी। इसके साथ ही अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन के पदाधिकारियों ने अग्रोहा में बनने वाले महिला कॉलेज का नाम महाराजा अग्रसेन के नाम पर करने की मांग की है। गोपाल शरण गर्ग ने कहा कि यह उनकी संस्था की पुरानी मांग रही है, जिसके लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री घोषणा भी कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि जल्द इस कॉलेज का नाम महाराजा अग्रसेन के नाम पर रखा जाए। प्रतिनिधिमंडल में सम्मेलन के राष्ट्रीय उप महामंत्री सीबी गोयल, प्रदेश अध्यक्ष एवं पंचकूला के मेयर कुलभूषण गोयल, प्रदेश महामंत्री मोहित बंसल, चंडीगढ़ प्रदेश महामंत्री प्रदीप बंसल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष जगमोहन गर्ग, पंचकूला जिला अध्यक्ष विजय अग्रवाल, जिला महामंत्री प्रवीण गोयल शामिल रहे। अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन पूर्वी राजस्थान के प्रदेश उपाध्यक्ष अशोक पंसारी, संगठन मंत्री नरेंद्र बंसल, अजमेर जिलाध्यक्ष गिरधारीलाल मंगल, जिला महामंत्री पूर्व पार्षद शैलेन्द्र अग्रवाल व कोषाध्यक्ष पीयूष अग्रवाल ने महाराजा अग्रसेन जी की जीवनी को हरियाणा के विद्यालयों में पाठ्यक्रम में शामिल करवाने, कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में अग्रसेन जी के नाम पर पीठ स्थापित करवाने तथा अन्य कार्यों के लिए संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री गोपालशरण जी गर्ग व अन्य पदाधिकारियों को बधाई देते हुए सभी का आभार व्यक्त किया है।

Comments

Popular posts from this blog

गुलाम दस्तगीर कुरैशी की पुत्री मनतशा कुरैशी ने 10 वीं बोर्ड में 92.8 प्रतिशत अंक प्राप्त कर किया नाम रोशन

अजमेर उत्तर के दो ब्लॉकों की जम्बो कार्यकारिणी घोषित

विवादों के चलते हों रही अनमोल धरोहर खुर्द बुर्द व रिश्ते तार तार